Homeभीलवाड़ाखारी नदी में ग्रामीणों का हंगामा, रॉयल्टी नाके में तोड़फोड़, बजरी खनन...

खारी नदी में ग्रामीणों का हंगामा, रॉयल्टी नाके में तोड़फोड़, बजरी खनन बंद कराने की मांग

शाहपुरा@(किशन वैष्णव)फूलियाकलां क्षेत्र में खारी नदी पर सोमवार को तीन गांवों के ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। करीब ढाई सौ से तीन सौ ग्रामीणों की भीड़ ने नदी पर बने रॉयल्टी नाके में तोड़फोड़ कर दी और बजरी खनन पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़ गए। हालात बिगड़ते देख फूलियाकलां, गुलाबपुरा सहित आसपास के थानों से पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार केकड़ी रोड स्थित खारी नदी क्षेत्र में रॉयल्टी ठेकेदार द्वारा बजरी खनन किया जा रहा था। इसी से नाराज होकर फूलियाकलां, गणपतियाखेड़ा और सणगारी गांवों के ग्रामीण सोमवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच नदी पर पहुंचे और खनन बंद करने की मांग को लेकर रॉयल्टी नाके पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों ने नाके पर लगी सोलर प्लेटें, सीमेंट के खंभे और कंप्यूटर उपकरणों को नुकसान पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शाहपुरा ओमप्रकाश बिश्नोई, फूलियाकलां तहसीलदार रामदेव धाकड़, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह सहित गुलाबपुरा व अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर हालात को शांत कराने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन के कारण उनके कुएं और जल स्रोत सूख रहे हैं तथा वे किसी भी स्थिति में नदी से बजरी का दोहन नहीं होने देंगे।फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मामले को लेकर प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।इधर तहसीलदार रामदेव धाकड़ का कहना है कि जिस स्थान पर बजरी खनन किया जा रहा है, वहां विधिवत लीज स्वीकृत है और खनन नियमानुसार किया जा रहा है।

IMG 20260202 WA0068

wp-17693929885043633154854019175650
RELATED ARTICLES