खटारा वाहन , बिना परमिट मौत की सवारी! कोटड़ी तहसील क्षेत्र में ऐसे वाहन ले जाते है आपके मासूमो को स्कूल

भैरू चौधरी

कोटड़ी । तहसील क्षेत्र के कोटड़ी, पारोली और बडलियास इलाकों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। निजी उपयोग के लिए खरीदी गई वेन और टेम्पो को बिना वैध परमिट के स्कूल वाहनों के रूप में चलाया जा रहा है। कई वाहन खटारा हालत में हैं, फिर भी रोजाना बच्चों को इन्हीं में भरकर स्कूल पहुंचाया जा रहा है।
मंगलवार को इस लापरवाही का गंभीर नतीजा सामने आया, जब मोडिया खेड़ा और बेलवा गांव के बीच एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कुछ बच्चों को चोटें आई हैं। घटना के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा, वहीं ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चल रहे अधिकांश स्कूल वाहन न तो फिटनेस नियमों पर खरे उतरते हैं और न ही उनके पास वैध परमिट है। इसके बावजूद परिवहन विभाग और आरटीओ की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।