पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के हलेड़ रोड स्थित एक ईंट भट्टे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ पानी के टैंक में गिरने से 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बडला चौराहे के पास रहने वाले कैलाश प्रजापत का हलेड़ रोड पर स्वयं का ईंट भट्टा है। शुक्रवार को उनका 7 वर्षीय पुत्र शिवम भट्टे पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक वहां बने पानी के टैंक में गिर गया। काफी देर तक जब बालक नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान बालक टैंक में बेसुध अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर थाना पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंची,जहां परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए मना कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई कर शव बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों के सुपुर्द कर दिया
