मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के खैराबाद गांव के रावला चौक में चल रही भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। कथा का वाचन मध्यप्रदेश के अरनिया धारड़ी स्थित श्रीरामधाम बालाजी सरकार के घनश्याम वैष्णव महाराज द्वारा किया जा रहा है।कथावाचक महाराज ने पृथ्वी खंड का वर्णन करते हुए पांच वर्षीय बालक भक्त ध्रुव की कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे नारदजी महाराज से गुरु दीक्षा लेकर ध्रुव ने ॐ नमो भगवते वासुदेवाय महामंत्र का जाप करते हुए साढ़े पांच माह तक कठिन साधना की और भगवान लक्ष्मीनारायण को प्रकट कर लिया। उनकी साधना से प्रसन्न होकर भगवान ने ध्रुव को छत्तीस हजार वर्षों तक भू-मंडल पर राज्य का सुख प्रदान किया और अंत में सहशरीर ध्रुवलोक (ध्रुव तारा) में स्थान दिया।महाराज ने भजन “जानो पदसी री मनवा या बागा ने छोड़ एक दिन…” तथा “राम से बड़ा राम का नाम…” के माध्यम से भक्ति और नामस्मरण की महिमा का सुंदर वर्णन किया। उन्होंने समझाया कि अंत समय में केवल राम नाम ही काम आता है, इसी कारण इसे सत्य कहा गया है।कथा का आयोजन प्रतिदिन रात्रि 8 से 11 बजे तक होता है और यह 8 अक्टूबर तक चलेगी। कथा श्रवण के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हो रहे हैं।


