गांगलास में खेत के रास्ते पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने शम्भूगढ़ थाने में दी शिकायत

मोड़ का निंबाहेड़ा । आसींद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गांगलास के निवासी लेहरु पुत्र भज्जा रेगर ने शम्भूगढ़ पुलिस थाने में शिकायत देकर खेत के रास्ते पर कब्जा करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्रार्थी लेहरु ने शिकायत में बताया कि ग्राम गांगलास (मूल) पटवार हल्का गांगलास-1 तहसील आसींद स्थित उनकी तथा उगमी देवी पत्नी मूला एवं लीला देवी पत्नी सत्यनारायण की खातेदारी भूमि खाता संख्या 392 एवं आराजी संख्या 1512 किस्म गैर मुमकिन पर करीब सात माह पूर्व आरोपियों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि उक्त भूमि से आगे खेतों में जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है, जिससे खेत तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। प्रार्थी का कहना है कि जब वह खेत पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे खेत पर जाने से रोकते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने बताया कि रास्ता बंद होने से परिवार खेत तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे पशुओं के लिए चारा लाने और खेतों में खाद डालने का कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके कारण आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रार्थी ने शम्भूगढ़ थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रास्ता खुलवाने एवं न्याय दिलाने की मांग की है।