गरीब किसान के खाते से कटे पैसे, ई-मित्र संचालक पर आरोप

मांडल  । सुरेश चन्द्र मेघवंशी

क्षेत्र में ई मित्र संचालको द्वारा लगातार फर्जीवाड़ करने के मामले सामने आने के बाद प्रशासन द्वारा ढीली कार्रवाई के चलते ईमित्र संचालकों की हौंसले बुलंद हैं , लगातार बेखौफ होकर ग्रामीणों की जेब पर डाका डाल रहे हैं । ऐसा ही मामला मांडल क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम पंचायत केरिया में सामने आया है, केरिया गांव में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा मिनी बैंक शाखा व ई-मित्र केंद्र पर एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ग्रामीण के खाते से अधिक राशि निकाले जाने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान के खाते में दो किस्तों के रूप में ₹2000-₹2000 जमा किए गए थे। इसके बाद संबंधित ग्रामीण अपने खाते से पैसे निकलवाने के लिए ग्राम पंचायत स्थित ई-मित्र केंद्र पर पहुंचा। आरोप है कि ई-मित्र संचालक विक्रम सिंह राणावत ने ग्रामीण के खाते से ₹2300 निकाल लिए, लेकिन उसे केवल ₹2200 ही दिए। उस समय ग्रामीण को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी, लेकिन दो दिन बाद जब उसे पूरे मामले का पता चला तो उसने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा भगवानपुरा पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं गरीब किसानों के साथ अन्याय है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, बैंक प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।