“किसानों की जमीन नहीं देंगे” : तख्तपुरा में भूमि अधिग्रहण के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों का धरना

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। हमीरगढ़ उपखंड क्षेत्र के तख्तपुरा गांव में किसानों की भूमि अधिग्रहण कर एयरपोर्ट के फ्लाइंग स्कूल विस्तार के लिए निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। धरने में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने हमीरगढ़ उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल को ज्ञापन सौंपकर किसानों की भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। समाजसेवी विकास पारीक ने बताया कि तख्तपुरा गांव के किसानों की कृषि भूमि का अधिग्रहण कर एयरपोर्ट के फ्लाइंग स्कूल के विस्तार के लिए निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अधिकांश परिवार खेती एवं पशुपालन पर निर्भर हैं और उनकी कृषि भूमि ही आजीविका का मुख्य साधन है। ऐसे में किसानों की भूमि अधिग्रहित होने से कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।उन्होंने बताया कि पूर्व में भी गांव की बड़ी कृषि भूमि रेलवे लाइन एवं अन्य विकास कार्यों में जा चुकी है। अब शेष बची कृषि भूमि का भी अधिग्रहण किया जा रहा है, जिससे किसानों के सामने भविष्य में गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न होने की आशंका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि किसानों की भूमि लेकर एयरपोर्ट के फ्लाइंग स्कूल विस्तार के लिए निजी संस्था को सौंपा जा रहा है, जिसका ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। धरने के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की भूमि बचाने की मांग उठाई। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में धरने में भाग लेकर किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर किसानों की उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण कर उन्हें भूमिहीन नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल से मांग की कि तख्तपुरा के किसानों की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।