मांडल (भीलवाड़ा): सुरेश चंद्र मेघवंशी।
मांडल थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उपखंड के किशनपुरा चौराहे के पास पुष्पा ब्रिक्स के समीप एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बस गुजरात के बारडोली से आसींद की ओर जा रही थी। सुबह के समय क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में प्रेम देवी संचेती निवासी आसींद गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के प्रयास किए।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त बस को मौके से हटाने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण घना कोहरा और कम दृश्यता माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।













