बी एम राठौर
स्मार्ट हलचल|सांगोद 10 अप्रैल को सांगोद।कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने शुक्रवार को सांगोद थाना परिसर में जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने थाने में मुकदमा दर्ज न होने, पुरानी शिकायतों पर पुलिस की निष्क्रियता और पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर गंभीर शिकायतें एसपी के सामने रखीं। एसपी ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उचित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई शुरू होने से पहले एसपी सुजीत शंकर ने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की बैठक ली और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि थाने में शिकायत लेकर आने वाले किसी भी फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक के बाद शुरू हुई जनसुनवाई में आमजन का हुजूम उमड़ पड़ा। कई फरियादियों ने थाने में परिवाद दर्ज नहीं करने की शिकायत की, तो कई लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्व में दी गई शिकायतों पर पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के रवैये और व्यवहार को लेकर भी एसपी से अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों की शिकायतें सुनने के बाद एसपी सुजीत शंकर ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस से जुड़ी जो भी शिकायतें जनसुनवाई में आती हैं, उन्हें तुरंत संबंधित एसएचओ को सौंप दिया जाता है।
उन्होंने व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया, “एसपी कार्यालय का परिवाद सेल इन सभी शिकायतों का एक अलग रजिस्टर तैयार करता है। इस सेल द्वारा जनसुनवाई के परिवादों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और नियमित रूप से फॉलोअप लिया जाता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनका जल्द से जल्द निस्तारण करना है।
