राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटड़ी जगदीश नारायण मीणा ने ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रीठ का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं विद्यालयों में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, वृक्षारोपण, पौधों की देखभाल, अभ्यास पुस्तिकाओं, पुस्तकालय तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन किया उत्तम व्यवस्था के लिए प्रधानाचार्य को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में वृक्षारोपण एवं पौधों के रखरखाव, विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं के संधारण तथा पुस्तकालय के उपयोग जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना, विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखना तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
स्टाफ बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
विद्यालय निरीक्षण के बाद आयोजित स्टाफ बैठक में शिक्षकों के साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं विभागीय विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में विकसित भारत अभियान तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति 95 प्रतिशत सुनिश्चित करने के विषय पर विशेष जोर दिया गया। सीबीईओ ने समस्त अध्यापकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, अभिभावकों से संपर्क बनाए रखने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना, विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना तथा शिक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके साथ ही विद्यालयों में संचालित गतिविधियों का नियमित संधारण एवं प्रभावी क्रियान्वयन भी आवश्यक है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर
औचक निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना तथा शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। विद्यालयों में शिक्षण कार्य के साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों, पुस्तकालय के उपयोग, अभ्यास पुस्तिकाओं के संधारण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों को भी महत्व देने पर बल दिया गया। पीईईओ निशा श्रोत्रिय ने विद्यालय के शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए स्टाफ की कमी के बावजूद उत्कृष्ट बोर्ड परिणाम को रखा। जिस पर सीबीईओ जगदीश नारायण मीणा ने संस्था प्रधान व स्टाफ को धन्यवाद दिया।
फ़ोटो