सुरेश चंद्र मेघवंशी
मांडल। थाना क्षेत्र में लगातार एक जैसे तरीके से और आसपास के इलाकों में हो रही लूट व छीनाझपटी की वारदातों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। 21 जुलाई 2026 की रात लुहारिया क्षेत्र में हुई वारदात की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थानाधिकारी गजेंद्र सिंह नरूका ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। वारदातों के तरीके और अपराधियों की गतिविधियों का विश्लेषण करने पर पुलिस का संदेह क्षेत्र में कोयला भट्ठियों पर मजदूरी करने वाले कालबेलिया समाज के कुछ श्रमिकों पर गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास के क्षेत्रों में तकनीकी साक्ष्य जुटाए और कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार निगरानी और पूछताछ के बाद यह सामने आया कि मजदूरी की आड़ में क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरोह के सदस्य दिन में कोयला भट्ठियों पर काम करते, वहीं आसपास के गांवों और रास्तों की रेकी करते और रात में सुनसान स्थानों पर लूट व छीनाझपटी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
एक ही समाज और परिवार के लोग चला रहे थे गिरोह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह में शामिल अधिकांश आरोपी एक ही समाज और आपस में पारिवारिक रिश्तों से जुड़े हुए हैं। गिरोह का सदस्य शंकरनाथ कालबेलिया, जो आरोपी रतननाथ कालबेलिया का दामाद है, पुलिस की पूछताछ में टूट गया। गहन पूछताछ के दौरान उसने वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने अन्य साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सभी ने अलग-अलग वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।
मजदूरी के बहाने करते थे रेकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग गांवों में कोयला भट्ठियों पर मजदूरी करते हुए स्थानीय गतिविधियों पर नजर रखते थे। सुनसान रास्तों, खेतों और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के बाद योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया जाता था। घटना के बाद आरोपी दोबारा मजदूरी पर लौट जाते थे, जिससे उन पर किसी का संदेह नहीं होता था।
पुलिस रिमांड में खुल सकते हैं और राज
थानाधिकारी गजेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। आशंका है कि पूछताछ में क्षेत्र की अन्य लूट एवं छीनाझपटी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि गिरोह की कार्यप्रणाली और अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।
