कृपलानी का भाषण झूठ का पुलिंदा, विकास कार्यों की जांच की चुनौती : आंजना

निम्बाहेड़ा।स्मार्ट हलचल|पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने स्थानीय विधायक श्रीचंद कृपलानी के हालिया भाषण पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उसे “झूठ का पुलिंदा” बताया है। उन्होंने कृपलानी पर बजट घोषणाओं को भी झूठा बताने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
कांग्रेस कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में आंजना ने कहा कि बजट राज्य सरकार का आधिकारिक दस्तावेज होता है, जिसकी प्रति विधानसभा में उपलब्ध रहती है। इसके बावजूद कृपलानी द्वारा बजट घोषणाओं को झूठा बताना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि निम्बाहेड़ा नगर परिषद में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए बिना भूमि अवाप्ति के निम्बाहेड़ा–मंगलवाड़ फोरलेन निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
200.50 करोड़ की स्वीकृति का दावा
आंजना ने कहा कि निम्बाहेड़ा–मंगलवाड़ मार्ग की स्वीकृति पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट 2023-24 में दी थी, जिसमें 150 करोड़ रुपए की वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई। बाद में बजट रिप्लाई में 50 करोड़ 50 लाख रुपए की अतिरिक्त स्वीकृति दी गई। इस प्रकार कांग्रेस शासन में कुल 200 करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति जारी हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ‘चेतक इंटरप्राइजेज’ द्वारा सुओ मोटू योजना के तहत सड़क का तखमीना तैयार कर पीडब्ल्यूडी विभाग को प्रस्तुत किया गया था, किंतु आचार संहिता लागू होने से योजना को स्वीकृति नहीं मिल सकी। यदि स्वीकृति मिल जाती तो डेढ़ वर्ष में सड़क निर्माण पूर्ण कर दिया जाता।
भाजपा के दावे पर पलटवार
विधायक कृपलानी द्वारा भाजपा के 2047 तक सत्ता में बने रहने के दावे पर आंजना ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा “वोट चोरी” के सहारे सत्ता में आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी क्षेत्र में 13 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया गया, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सजगता से विफल किया गया।
मूर्ति स्थापना में भ्रष्टाचार का आरोप
आंजना ने नगर परिषद क्षेत्र में महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने के नाम पर करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की मूर्तियां कार्यकर्ताओं के सहयोग से स्थापित की गई थीं, जिनमें सरकारी धन खर्च नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में मूर्ति स्थापना के नाम पर 3 से 4 करोड़ रुपए के दुरुपयोग की आशंका है।
जमीन आवंटन पर सफाई
जमीन आवंटन के मुद्दे पर आंजना ने कहा कि उनके कार्यकाल में पारदर्शिता के साथ किसानों को जमीन आवंटित की गई। उन्होंने चुनौती दी कि यदि किसी से एक भी रुपया लिए जाने का प्रमाण हो तो सामने लाया जाए। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रति बीघा 30 हजार रुपए लेने की शिकायतें सामने आई हैं और भुगतान से इनकार करने वालों के आवंटन निरस्त किए गए।
शिलान्यास कार्यक्रम में अनुपस्थिति पर सवाल
आंजना ने कहा कि जिले के मंत्री गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, कपासन विधायक अर्जुन जीनगर और बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे। उन्होंने इसे कृपलानी पर लगे आरोपों से जोड़ते हुए कहा कि कई जनप्रतिनिधि मंच साझा करने से परहेज कर रहे हैं।
जांच की खुली चुनौती
आंजना ने कहा कि उन्होंने जो भी संपत्ति अर्जित की है, वह व्यापार से की है। उन्होंने विधायक कृपलानी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वर्ष 1990 से 2023 तक कांग्रेस शासन में हुए विकास कार्यों तथा पिछले ढाई वर्षों में नगर परिषद निम्बाहेड़ा, नगर पालिका छोटीसादड़ी, पंचायत समिति निम्बाहेड़ा व छोटीसादड़ी और विधायक मद से स्वीकृत कार्यों की उच्च स्तरीय या भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से जांच करवा ली जाए, ताकि जनता के सामने स्पष्ट हो सके कि कौन भ्रष्ट है और कौन पाक-साफ।