बी एम राठौर
स्मार्ट हलचल|सांगोद 15 अप्रेल को राजकीय भीमसिंह चिकित्सालय, कुंदनपुर में लंबे समय से रिक्त चल रहे चिकित्सक के पद पर नियुक्ति होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। चिकित्सा विभाग द्वारा यहाँ नए चिकित्सा प्रभारी की नियुक्ति के बाद भाजपा नेताओं और ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का हृदय से आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि कुंदनपुर चिकित्सालय में लंबे समय से कोई स्थाई चिकित्सक तैनात नहीं था, जिसके कारण क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाएँ पूरी तरह चरमरा गई थीं। अस्पताल आने वाले मरीजों को केवल कंपाउंडर के भरोसे उपचार लेकर वापस लौटना पड़ता था या फिर गंभीर स्थिति में दूर-दराज के शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेताओं ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से मुलाकात कर यहाँ चिकित्सक लगाने की पुरजोर मांग की थी। मंत्री नागर ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया। जिसके परिणामस्वरूप अब यहाँ नए चिकित्सक की पदस्थापना कर दी गई है।
इस अवसर पर भाजपा नेता दीपक नागर ने बताया कि चिकित्सक के अभाव में आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व में चिकित्सालय पर ताला तक लगा दिया था, लेकिन ऊर्जा मंत्री के सकारात्मक आश्वासन और त्वरित कार्यवाही के बाद अब अस्पताल के ताले खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “माननीय मंत्री जी की संवेदनशीलता के कारण अब कुंदनपुर और आसपास के गांवों के मरीजों को समय पर उचित इलाज मिल सकेगा और उन्हें इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।”
आभार व्यक्त करने वालों में भाजपा नेता दीपक नागर, रामकुंवार पारेता, धन्ना भगत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि चिकित्सा प्रभारी के आने से अब गरीब और असहाय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही सुलभ होगा।
