कुंवाड़ा खान में दर्दनाक हादसा: नाडी में नहाने गए 4 बच्चों में से 2 डूबे, दो परिवारों के बुझ गए चिराग

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित कुंवाड़ा खान इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। खदान की नाडी में नहाने गए 4 बच्चों में से 2 बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार कुंवाड़ा खान निवासी चार बच्चे शनिवार दोपहर करीब 2 बजे घर से नहाने की बात कहकर निकले थे। सभी बच्चे क्षेत्र की एक नाडी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान 12 वर्षीय अब्बास हुसैन पुत्र जाकिर हुसैन पठान और 14 वर्षीय अल्तमस पुत्र जब्बार मोहम्मद मेव गहरे पानी में चले गए और डूब गए, जबकि उनके साथ गए दो अन्य बच्चे किसी तरह बाहर निकल आए।

करीब एक घंटे तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोग तलाश करते हुए नाडी तक पहुंचे, जहां बच्चों के कपड़े बाहर पड़े मिले। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर सुभाष नगर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे से टूट चुके परिजनों ने बच्चों का पोस्टमार्टम करवाने और किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। एक साथ दो मासूमों की मौत से कुंवाड़ा खान क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।