स्मार्ट हलचल: सड़क हादसा
कोटा-चित्तौड़ हाईवे पर भीषण भिड़ंत: चलते ट्रेलर में घुसा गेहूं से भरा ट्रक, चालक और खलासी की दर्दनाक मौत
लाडपुरा | रिपोर्टर: शिव लाल जांगिड़
कोटा-चित्तौड़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजमार्ग पर स्थित बिहारी नाथ देवनारायण के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से ट्रेलर की ट्रॉली के अंदर घुस गया, जिससे ट्रक चालक और खलासी दोनों की मौत हो गई।
चालक को नहीं लगा ट्रेलर का अंदाजा
जानकारी के अनुसार, गेहूं से भरा ट्रक और ट्रेलर दोनों चित्तौड़गढ़ की दिशा में जा रहे थे। मंगलवार रात्रि करीब 11 बजे ट्रक के ड्राइवर को संभवतः आगे चल रहे ट्रेलर की गति और दूरी का सही अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे तेज रफ्तार ट्रक सीधे ट्रेलर के पीछे जा भिड़ा। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिसमें चालक और खलासी फंस गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही लाडपुरा चौकी प्रभारी रामसिंह और उनकी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से केबिन में फंसे गंभीर रूप से घायल चालक और खलासी को भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों को तत्काल मांडलगढ़ चिकित्सालय ले जाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांडलगढ़ चिकित्सालय में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे भीलवाड़ा चिकित्सालय रेफर किया गया था, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक मालिक और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है तथा मामले की जांच कर रही है।
हाइवे पर लगा लंबा जाम, क्रेन से हटाए गए वाहन:
हादसे के बाद दोनों बड़े वाहन सड़क के बीचों-बीच फंस गए, जिससे राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया और जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस और राजमार्ग टीम ने क्रेन मंगवाकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को साइड में करवाया। ट्रक बुरी तरह डैमेज था, इसलिए उसे हटाने में काफी समय लगा। सड़क से गाड़ियां हटने के बाद ही ट्रैफिक धीरे-धीरे सुचारु हो सका।
