भारिण्डा में नरकीय हालात: मुख्य सड़क पर पसरा नाली का कीचड़ और बदबूदार पानी, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से ग्रामीणों में भारी रोष
लाडपुरा/भारिण्डा, 25 जून 2026। कस्बे के भारिण्डा गांव में मुख्य सड़क पर नाली का कीचड़ और बदबूदार पानी जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सी सी रोड पर नालियों के क्रॉसिंग पॉइंट पर लोहे की मजबूत जालियां नहीं लगाए जाने से चौपहिया और दुपहिया वाहन चालकों को भारी दुविधा देखनी पड़ रही है। नाली की चौड़ाई अधिक होने के कारण यहाँ आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क पर निरंतर वाहनों की आवाजाही से सदैव कीचड़ उड़ता रहता है। ऐसे में स्कूल के बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। खुले में जमा यह गंदा पानी विभिन्न गंभीर बीमारियों को भी न्यौता दे रहा है। इसके साथ ही चम्बल परियोजना के कार्य के बाद सड़क पूरी तरह उखड़ गई है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों और आमजन को निकालने में भयंकर कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी जनप्रतिनिधि मौन, इन ग्रामीणों ने खोला मोर्चा:
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार इस बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया है, लेकिन सुनवाई नहीं होने से हालत जस के तस बने हुए हैं। सड़क की अविलंब मरम्मत और साफ-सफाई की मांग को लेकर गांव के प्रबुद्ध नागरिक नारायण सिंह, भेरू लाल, रामचंद्र, कैलाश मीणा, चुन्नी लाल, जवाहर लाल, जीतेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह शक्तावत, देवराज सिंह, तथा कालू राम सहित समस्त ग्रामवासियों ने नाली को तुरंत दुरुस्त कराने और मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
