• बानोड़ा बालाजी के सान्निध्य में चल रहा अनुष्ठान, शनिवार को होगी पूर्णाहुति
• कृष्णा राठौर और दुर्गा मीणा के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
✍️ स्मार्ट हलचल | शिव लाल जांगिड़
लाडपुरा। कस्बे के श्री बिहारी नाथ देवनारायण मंदिर की बनी में आस्था का ज्वार उमड़ पड़ा है। बानोड़ा बालाजी के पावन सान्निध्य में गुरुवार को ‘श्री रामकृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ’ के तहत लक्ष्मी व अखंड पंचकुण्डीय यज्ञ में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
वैदिक मंत्रों के साथ विश्व कल्याण की कामना
गुरुवार को मृगशिरा नक्षत्र के विशेष संयोग में श्री बानोड़ा बालाजी पंडित कैलाश चन्द्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न करवाया।
- यज्ञ: 25 जोड़ों ने विधि-विधान से लक्ष्मी व पंचकुण्डात्मक महायज्ञ में आहुतियां दीं।
- हवन: श्री रामचरित मानस पाठ का दशांश हवन और दीपदान किया गया।
- नित्य पूजा: यज्ञ मंडप में विराजे चारभुजानाथ के बेवाण की नित्य पूजा-अर्चना जारी है।
बाल लीलाओं की झांकियों ने मोहा मन
मंदिर प्रांगण में विशेष सजावट की गई है। भगवान राम, श्रीकृष्ण और चारभुजानाथ की बाल लीलाओं पर आधारित सजीव झांकियां और फूलों-आभूषणों से सजी प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
भजन संध्या में झूमे भक्त
बुधवार रात्रि को आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध कलाकार सुश्री कृष्णा राठौर (नीमच) एवं सुश्री दुर्गा मीणा (मंडल) ने भक्ति रस की ऐसी गंगा बहाई कि श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर नृत्य करते रहे।
इनकी रही उपस्थिति:
इस धार्मिक आयोजन में भगवान सुथार, दिनेश सिंह शक्तावत, मोडू माली, शंभू धाकड़, नंद गुर्जर, कालू सुथार, कमलेश सुथार (बानोड़ा), शंभू सुथार सहित 12 गांवों के श्रद्धालु उपस्थित थे। महायज्ञ की पूर्णाहुति शनिवार को होगी।
Tags: #LadpuraNews #MahaYagya #BanodaBalaji #ReligiousEvent #SmartHulchul #Bhilwara #DevnarayanTemple


