​’मकान पास करा दूंगा’.. सरपंच का नाम लेकर बुजुर्ग महिला से 5500 की ठगी

स्मार्ट हलचल: क्राइम अलर्ट / धोखाधड़ी

‘कल खाते में 40 हजार आएंगे’.. 5500 ठग कर बुजुर्ग को थमाए 20 रुपये, ई-मित्र के CCTV में कैद हुआ शातिर

लाडपुरा | रिपोर्टर: शिव लाल जांगिड़

सरकारी योजनाओं का लालच देकर भोले-भाले ग्रामीणों और बुजुर्गों को ठगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लाडपुरा क्षेत्र के श्यामगढ़ गांव से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक शातिर ठग ने आवास योजना में मकान पास कराने का झांसा देकर एक गरीब बुजुर्ग महिला से 5,500 रुपये की ठगी कर ली। अब इस मामले में नया खुलासा हुआ है कि आरोपी ई-मित्र के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

पड़ोसन से उधार लिए पैसे, ई-मित्र से निकलवाए

जानकारी के अनुसार, श्यामगढ़ निवासी बुजुर्ग महिला खानी भील पत्नी थारू भील के घर एक अनजान व्यक्ति आया। उसने महिला से कहा कि उसे सरपंच ने भेजा है और वह उसका मकान पास करवा देगा, जिसके लिए 5500 रुपये लगेंगे। गरीब महिला के पास पैसे नहीं थे, तो उसने मकान की आस में गांव की ही एक महिला से 3000 रुपये उधार लेकर उसे दे दिए।

इसके बाद शातिर ठग अपनी बातों में उलझाकर बुजुर्ग महिला को लाडपुरा स्थित एक ई-मित्र (e-Mitra) केंद्र पर ले गया। वहां उसने महिला के बैंक खाते से बायोमेट्रिक (अंगूठा) लगवाकर 2500 रुपये और निकलवा लिए।

किराये के लिए दिए 20 रुपये, अगले दिन हुआ ठगी का अहसास:

पूरी रकम (5500 रुपये) हाथ में आते ही ठग ने बुजुर्ग महिला को किराये के लिए मात्र 20 रुपये थमाए और कहा कि “तुम घर जाओ, कल तुम्हारे खाते में 40,000 रुपये आ जाएंगे।” यह कहकर वह वहां से फरार हो गया।

अगले दिन जब महिला ने सरपंच प्रतिनिधि से मुलाकात की और पूरी बात बताई, तब उसे ठगी का अहसास हुआ और वह मायूस रह गई। एक गरीब के लिए यह रकम बहुत बड़ी है।

CCTV में दिखा आरोपी:

इस पूरी वारदात के दौरान ई-मित्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे में शातिर ठग बुजुर्ग महिला के साथ साफ दिखाई दे रहा है।