लाडपुरा: मौसम ने अचानक बदली करवट, तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता
लाडपुरा (शिव लाल जांगिड़ / स्मार्ट हलचल)। कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया। शाम करीब 8:30 बजे अचानक तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस मौसमी बदलाव से जहां एक ओर आमजन को दिनभर की उमस और भीषण गर्मी से फौरी राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों के माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खिंच गई हैं।
गर्मी से राहत, लेकिन जनजीवन हुआ प्रभावित
बुधवार को दिनभर तेज गर्मी का असर रहा, लेकिन शाम ढलते ही आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते धूलभरी आंधी चलने लगी और साढ़े आठ बजे के करीब तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, अचानक आए इस तेज अंधड़ और बारिश के कारण कस्बे और आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए जनजीवन खासा प्रभावित हुआ।
खेतों में पड़ी धान की फसल पर संकट, किसान चिंतित
इस बेमौसम बारिश और आंधी ने किसानों की धड़कनें सबसे ज्यादा बढ़ा दी हैं। वर्तमान में खेतों में धान की फसल पक कर तैयार खड़ी है। वहीं, कई किसानों ने कटाई कर ली है और धान की बालियां खेतों में ही पड़ी हैं।
तेज हवाओं के साथ हुई इस झमाझम बारिश के कारण पकी हुई फसल के भीगने और खराब होने का भारी अंदेशा पैदा हो गया है, जिससे किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान का डर सताने लगा है।
