बिजली विभाग ने कई गांवों में चलाया राजस्व वसूली अभियान
स्मार्ट हलचल|बानसूर । क्षेत्र में बिजली विभाग ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए सख्त कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने बबेड़ी, मांची, रामनगर और ढा़कला सहित कई गांवों में राजस्व वसूली अभियान चलाया। इस दौरान बकाया राशि का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के कुल 8 ट्रांसफार्मर हटा दिए गए। रामनगर के सहायक अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि ये अभियान बहरोड़ की टीम के साथ मिलकर चलाया गया। संबंधित उपभोक्ताओं पर लाखों रुपए का बिजली बिल बकाया था। विभाग ने पहले भी नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा में भुगतान न होने पर ये कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया हैं, उन्हें समय रहते भुगतान करने की सलाह दी गई है, अन्यथा उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी










