खजूरी में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल: रात 11:30 बजे पेट्रोल पंप पर हमला, सुबह 5 बजे पहुंची पुलिस! साढ़े पांच घंटे तक कहां रही सुरक्षा व्यवस्था?

अरिहंत पेट्रोल पंप पर हमले में तीन लोग घायल, दो की हालत गंभीर; अमरगढ़ चौकी महज 7 किलोमीटर दूर, फिर भी पुलिस की देरी ने खड़े किए गंभीर सवाल

जहाजपुर अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|खजूरी के अरिहंत पेट्रोल पंप पर देर रात हुई मारपीट और हमले की घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जिसमें तीन लोगों को चोटें आईं। इनमें एक घायल को देवली तथा दो गंभीर घायलों को भीलवाड़ा रेफर किया गया। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने का समय सुबह करीब 5 बजे बताया जा रहा है। यानी घटना के बाद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब साढ़े पांच घंटे लग गए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब किसी पेट्रोल पंप पर इस तरह हमला होता है और तीन लोग घायल हो जाते हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर हो, तब पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया कहां थी? खजूरी से अमरगढ़ पुलिस चौकी की दूरी महज 7 किलोमीटर है, जबकि शकरगढ़ पुलिस थाना करीब 17 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद मौके पर पुलिस पहुंचने में इतना लंबा समय लगना पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। आखिर घटना की सूचना पुलिस को कब मिली और सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

उपतहसील और पंचायत समिति बनने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था बेपटरी

खजूरी अब उपतहसील के साथ पंचायत समिति मुख्यालय भी बन चुका है। क्षेत्र का प्रशासनिक दायरा और महत्व लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके विपरीत यहां कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। आए दिन मारपीट, आपसी विवाद और असामाजिक तत्वों की सक्रियता की शिकायतें सामने आ रही हैं। अपराध की घटनाओं के बाद पुलिस की कार्रवाई और मौके पर पहुंचने में होने वाली देरी भी चर्चा का विषय बन रही है।

नशे का कारोबार भी चुनौती, शिकायतों के बावजूद प्रभावी अंकुश की मांग

खजूरी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री सहित अन्य नशे के कारोबार को लेकर भी लगातार शिकायतें उठती रही हैं। देर रात तक शराब बिक्री और युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। पूर्व में भी इन मुद्दों को लेकर खबरें प्रकाशित हुईं और पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन क्षेत्र में प्रभावी निगरानी और नियमित कार्रवाई की जरूरत अब भी महसूस की जा रही है।

आखिर जिम्मेदारी किसकी?

पेट्रोल पंप जैसी सार्वजनिक जगह पर हमला होना और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद भी पुलिस के मौके पर पहुंचने में घंटों लगना कई सवाल खड़े करता है। क्या क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त पर्याप्त है? क्या अमरगढ़ चौकी और शकरगढ़ थाना क्षेत्र में आपातकालीन सूचना पर तत्काल पहुंचने की कोई प्रभावी व्यवस्था है? क्या पुलिस के पास ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और निगरानी व्यवस्था है?

अब जरूरत केवल घटना के आरोपियों पर कार्रवाई करने की नहीं, बल्कि पुलिस की देरी के कारणों की भी जांच करने की है। पुलिस के उच्च अधिकारियों को इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर जवाबदेही तय करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी गंभीर घटना के दौरान आमजन को पुलिस सहायता के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े।

खजूरी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब घटना के बाद पुलिस को पहुंचने में साढ़े पांच घंटे लग जाएंगे, तो आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?