(20 नवंबर को होगी रिलीज, नारकोटिक्स इंस्पेक्टर के किरदार में आएंगे नजर)
गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल|गंगापुर कस्बे के लिए गर्व की बात है कि यहां के निवासी नवीन जीनगर मेवाड़ी भाषा में निर्मित रोमांच और रहस्य से भरपूर थ्रिलर फिल्म ‘अमल पट्टा’ में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म 20 नवंबर को दर्शकों के लिए रिलीज होने जा रही है। फिल्म का प्रदर्शन भीलवाड़ा के रिलायंस मॉल स्थित आईनॉक्स सिनेमाघर में भी होगा।मेवाड़ और मालवा क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म अफीम की खेती, किसानों की जिंदगी, तस्करी से जुड़े घटनाक्रम तथा पुलिस और नारकोटिक्स विभाग के कामकाज के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म में इस क्षेत्र को आम बोलचाल में ‘अमल पट्टा’ के नाम से पहचाने जाने वाले इलाके के रूप में दर्शाया गया है। कहानी में अफीम की खेती से जुड़े पेचीदा पहलुओं और विभिन्न किरदारों के जीवन को रोमांचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।फिल्म में गंगापुर निवासी नवीन जीनगर ने नारकोटिक्स इंस्पेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नवीन जीनगर इससे पहले लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में विदुर का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बना चुके हैं। अब वे एक बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।मेवाड़ी भाषा में बनी यह फिल्म क्षेत्रीय भाषा, संस्कृति और स्थानीय कहानियों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास है। फिल्म के माध्यम से मेवाड़ी भाषा को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।फिल्म से जुड़े लोगों ने दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंचकर अपनी मातृभाषा में बनी इस फिल्म को प्रोत्साहित करने की अपील की है। दर्शक 20 नवंबर को भीलवाड़ा के रिलायंस मॉल स्थित आईनॉक्स सिनेमाघर में फिल्म का आनंद ले सकेंगे। टिकटों की बुकिंग डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से की जा सकती है।
गंगापुर के नवीन जीनगर को बड़े पर्दे पर महत्वपूर्ण भूमिका में देखने को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह है।