Homeराष्ट्रीयउत्तरप्रदेशसतना में फिर तेंदुए की धमक से दहशत में लोग,Leopard attacks again...

सतना में फिर तेंदुए की धमक से दहशत में लोग,Leopard attacks again in Satna

Leopard attacks again in Satna

सतना सांसद गणेश सिंह की कॉलोनी में दिखा तेंदुआ

सतना।स्मार्ट हलचल/शहर एक बार फिर हिंसक वन्य प्राणी की दहशत के साये में है। एक और तेंदुए की आमद शहर में हुई है। कॉलोनियों में उसकी चहल कदमी ने लोगों को दहशतजदा कर दिया है। हालांकि वन विभाग की टीम ने सर्चिंग शुरू कर दी है।
लेकिन उसे अभी पकड़ा नहीं जा सका है।
हिंसक विडाल वंशी वन्य प्राणी तेंदुआ एक बार फिर जंगल छोड़ शहर में आ गया है।

सतना शहर की पॉश कॉलोनियों में से एक बांधवगढ़ कॉलोनी में तेंदुए की चहल कदमी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जहा पर सांसद गणेश सिंह का भी आवास बना हुआ है।
बांधवगढ़ कॉलोनी स्थित गुरजीत सिंह सेठी उर्फ लकी के घर पर लगे कैमरों में तेंदुए की तस्वीरें कैद हुई हैं।
29 सितंबर की रात लगभग ढाई से पौने 3 बजे के बीच वयस्क तेंदुए को कॉलोनी की सड़क पर घूमते देखा गया है।बांधवगढ़ कॉलोनी में तेंदुए की चहलकदमी सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की खबर मिलने पर वन अमला अलर्ट मोड में आ गया।

एसडीओ लाल सुधाकर सिंह और उड़न दस्ता प्रभारी नरेंद्र पयासी ने टीम के साथ बांधवगढ़ कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग शुरू कर दी।
सर्च और रेस्क्यू के लिए मुकुंदपुर वाइट टाइगर सफारी कम रेस्क्यू सेंटर से रेस्क्यू टीम भी स्नेफर डॉग के साथ बुला ली गई है।
इस दौरान वन अमले को लगभग 6 फुट ऊंची एक बाउंड्री वॉल पर तेंदुए के नाखूनों के निशान मिले हैं।
जिन्हें देख कर माना जा रहा है कि उसने बाउंड्री कूदने की कोशिश की है। कॉलोनी में हर जगह पक्की सड़क होने के कारण उसके पगमार्क तलाशना भी मुश्किल हो रहा है।
हालांकि कच्ची जमीन को बारीकी से देखा जा रहा है।
सतना शहर में तेंदुए की आमद का यह तीसरा मामला है।
कुछ वर्षों पहले एक तेंदुआ शहर के बगहा क्षेत्र में एक कच्चे मकान में जा घुसा था। अभी कुछ महीनों पहले शहर के महदेवा, धवारी और राजेंद्रनगर क्षेत्र में भी एक तेंदुआ विचरण करते देखा गया था
उसे ट्रैक करने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
तेंदुआ दिन में कहीं नजर नहीं आता था लेकिन रात में वह कैमरों में कैद होता था।
बाद में उसे मुख्त्यारगंज में होटल आकाश के पीछे स्थित एक खाली मकान के अंदर से ट्रैंकुलाइज कर बड़ी मुश्किल से पकड़ा गया था।
अब जिस कॉलोनी में तेंदुआ घूम रहा है उसी कॉलोनी में सतना सांसद गणेश सिंह का घर भी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -