घर बाहर घूमता दिखा लेपर्ड, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

बानसूर।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के बहराम का बास गांव में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लेपर्ड घर के बाहर घूमता हुआ दिखाई दिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात लेपर्ड गांव की गलियों में घूमता नजर आया। सुबह परिजनों ने फुटेज देखा तो तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद वीडियो पूरे गांव में वायरल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से एक से अधिक लेपर्ड गांव और खेतों के आसपास देखे जा रहे हैं। इससे किसान और पशुपालक चिंतित हैं। महिलाएं और बच्चे भी घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।