पारीक समाज के अन्नकूट में बुजुर्गों का सम्मान, शिक्षा निधि के लिए 1.42 लाख की घोषणा
पारीक समाज के अन्नकूट महोत्सव में डॉ. रेवतीरमण पारीक नए अध्यक्ष मनोनीत
कोटा।स्मार्ट हलचल|किशोरपुरा स्थित पारीक भवन में पारीक समाज का अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक एकजुटता के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में जहां 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके अनुभव और योगदान को नमन किया गया, वहीं नई पीढ़ी में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों के विकास के उद्देश्य से हनुमान चालीसा का कंठस्थ वाचन करने वाले बालक-बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा निधि बनाने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सामने आया। इस पहल के लिए डॉ. के.के. पारीक ने एक लाख रुपए देने की घोषणा की। संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी और मुख्य अभियंता राजेंद्र पारीक ने भी 21-21 हजार रुपए के सहयोग की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि पराशर की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विधायक संदीप शर्मा, संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी, विधिवेत्ता प्रो. डॉ. अरुण शर्मा, चिकित्सा जगत के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. के.के. पारीक और सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता राजेंद्र पारीक ने 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को माला पहनाकर, श्रीफल भेंटकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं हनुमान चालीसा का कंठस्थ वाचन करने वाले बच्चों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर खंडेला नगरपालिका की पार्षद प्रतीक्षा पारीक, बूंदी नगरपालिका के पार्षद तुषार पारीक तथा स्थानीय पार्षद सीमा चौधरी का भी समाज की ओर से दुपट्टा, माला एवं शॉल भेंटकर अभिनंदन किया गया।
बुजुर्गों का आशीर्वाद समाज की सबसे बड़ी पूंजी : संदीप शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन अपने जीवन के अनुभवों और संस्कारों से नई पीढ़ी का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उनका आशीर्वाद समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। जिन समाजों को बुजुर्गों का आशीर्वाद और प्रभु जगन्नाथ की कृपा प्राप्त होती है, उनकी प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि कोटा में पारीक समाज की संख्या भले ही कम हो, लेकिन शहर के विकास में समाज का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। मंच पर उपस्थित समाज के प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित व्यक्तित्व इसकी मिसाल हैं।
आर्थिक अभाव में किसी विद्यार्थी की शिक्षा न रुके : डॉ. के.के. पारीक
डॉ. के.के. पारीक ने समाज में शिक्षा निधि स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण समाज का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए एक स्थायी शिक्षा कोष बनाया जाना जरूरी है, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उनके प्रस्ताव से प्रेरित होकर संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी और मुख्य अभियंता राजेंद्र पारीक ने भी 21-21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
संस्कारों की कमी और अविश्वास से कमजोर हो रहे पारिवारिक रिश्ते
प्रो.डॉ. अरुण शर्मा ने वर्तमान पारिवारिक व्यवस्था में बढ़ते बिखराव और पति-पत्नी के रिश्तों में आ रही दूरियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संस्कारों में कमी और आपसी विश्वास का कमजोर होना पारिवारिक रिश्तों में तनाव का प्रमुख कारण बन रहा है। उन्होंने पारिवारिक जीवन में संवाद, आपसी समझ, विश्वास और संस्कारों के महत्व को रेखांकित करते हुए इनके अभाव से उत्पन्न होने वाले दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया।
संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए वर्तमान कार्यकारिणी की ओर से समाजहित में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी समाज के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा सम्मान के लिए समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अभियंता राजेंद्र पारीक ने कहा कि समाज के प्रबुद्ध और संपन्न वर्ग का दायित्व है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का लाभ पहुंचे। इसके लिए शिक्षा निधि की स्थापना समय की आवश्यकता है। उन्होंने डॉ. के.के. पारीक की पहल का समर्थन करते हुए कहा कि सभी समाजबंधुओं को मिलकर इस दिशा में प्रयास करना चाहिए। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज के लिए सबसे महत्वपूर्ण योगदान होगा।
तीन वर्षों के कार्यों का रखा लेखा-जोखा
कोषाध्यक्ष विनोद पारीक ने वर्तमान कार्यकारिणी के तीन वर्षों के कार्यकाल का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने किशोरपुरा स्थित पारीक भवन के निर्माण, नवीन भूखंड आवंटन एवं उसके रजिस्ट्रेशन सहित समाजहित में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने लगभग 400 वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में रहे मंदिर के पुनर्निर्माण में समाजबंधुओं के सहयोग और डॉ. के.के. पारीक के मार्गदर्शन का उल्लेख किया। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर आने वाली बाधाओं के समाधान में संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने पारीक भवन परिसर के विकास में विशेष योगदान के लिए विधायक संदीप शर्मा का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित समाज बंधुओं से नवीन कार्यकारिणी के गठन का आग्रह किया । संरक्षक डॉ. के.के. पारीक ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद हेतु डॉ. रेवतीरमण पारीक तथा महामंत्री पद पर गिरिराज पारीक के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे समाजबंधुओं ने करतल ध्वनि से दोनों के नामों का अनुमोदन किया। वर्तमान अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
कोषाध्यक्ष विनोद पारीक ने चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट के बाद पिछले तीन वर्षों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे समाजबंधुओं ने स्वीकृति प्रदान की। अंत में महामंत्री अशोक पारीक ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए अन्नकूट प्रसादी ग्रहण करने का आमंत्रण दिया। इसके बाद समाज के सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम में महिला मंडल अध्यक्ष निर्मला पारीक, महामंत्री अनिता पारीक,रानी पारीक,प्रतीक्षा,सुनीता ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर रवि प्रकाश पारीक, शिवगोपाल पारीक,अवध पारीक, रमेश शर्मा, महेंद्र पारीक, कैलाश पारीक, अशोक पी टी आई, राहुल पारीक,योगेश पारीक,लक्ष्मीकांत पारीक, देवेंद्र पारीक और मदन गोपाल पारीक सहित बड़ी संख्या में महिलाएं सहित समाजबंधु उपस्थित रहे।