स्मार्ट हलचल।खखरेरू फतेहपुर रसूलपुर शानी पावरहाउस क्षेत्र के ग्राम सभा पौली और गढ़वा में रविवार को आई भीषण आंधी, तेज बारिश और तूफान ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते कई विद्युत पोल टूटकर मुख्य मार्गों पर गिर गए, जिससे दोनों गांवों समेत आसपास के क्षेत्र की करीब 13 हजार आबादी की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई बिजली के 4 पोल गिरने और तार टूटने से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है। मोबाइल चार्जिंग समेत दैनिक जरूरतों के कार्य भी ठप पड़ गए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से टूटे हुए विद्युत पोल व तारों की तत्काल मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही मुख्य मार्गों पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारु कराने की भी अपील की है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं ग्रामीणों से अपील की गई है कि टूटे हुए बिजली के तारों और गिरे हुए पोलों के पास न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।
