भीलवाड़ा / जिले के सबसे बड़े महात्मा गांधी चिकित्सालय में कार्यरत लिपिक श्रीमती अनुश्री बाकलीवाल पर अपने ही स्वास्थ्य विभाग में ठेका पद्धति पर कार्यरत अस्थाई कर्मियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है । जानकारी के अनुसार अस्पताल के मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना अनुभाग में ठेका पद्धति पर कार्यरत ऑपरेटर एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शक कर्मियों ने महात्मा गांधी अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉक्टर अरुण गौड़ को लिखित शिकायत एवं बयान देकर आरोप लगाया कि डीसी कार्यालय में कार्यरत श्रीमती अनुश्री बाकलीवाल अस्थाई ऑपरेटर एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शकों को आए दिन प्रताड़ित एवं अपमानित करती है और अपने निजी कार्य नहीं करने पर नौकरी से निकलवाने की धमकियां देती है तथा महिला पुरुष कर्मियों के साथ बैठने उठने तथा लघु शंका के लिए जाने पर उनकी वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देती है,पिछले दिनों स्वास्थ्य मार्गदर्शक मीणा गोस्वामी के जन्मदिन पर उसके सहकर्मी अस्थाई कर्मचारियों ने उसे बर्थ डे की शुभकामनाएं दी और मुंह मीठा कराने की बात कही तो गोस्वामी ने वहां मिठाई के रूप में एक छोटा केक मंगवा कर वितरित कर दिया ।
इस सामान्य व्यवहारिक घटना की लिपिक अनुश्री ने अपनी ड्यूटी छोड़कर आयुष्मान कक्ष में आकर ना केवल अवैध रूप से वीडियो बनाई बल्कि अपने एक पत्रकार साथी को बुलाकर स्वयं ने उसे वीडियो उपलब्ध कराई और उसे सोशल मीडिया पर बर्थडे समारोह मनाए जाने की खबर बनवाकर वायरल करवाने का कृत्य किया ।
उप नियंत्रक कार्यालय में कार्यरत राजकीय सेवा कर्मी श्रीमती अनुश्री बाकलीवाल के विरुद्ध सभी ठेका कर्मियों ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर गौड़ के नाम लिखें शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया कि मैडम अनुश्री स्वास्थ्य मार्गदर्शक महिला कर्मियों के चरित्र पर भी उंगली उठाती है और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करती है । पत्र में बताया गया कि तकनीकी कारणों से कुछ विलंब होने पर यह राजकीय महिला कर्मी मरीजों को भड़का कर माहौल खराब करवाती है और फिर उनका वीडियो बनाकर अपने पत्रकार साथी के माध्यम से अस्पताल की छवि खराब करने से भी पीछे नहीं हटती । पत्र में बताया गया कि अन्य कार्मिकों को परेशान करने के लिए यह महिला कर्मी अपने कार्यस्थल पर नहीं मिलती जिसकी पूछताछ अन्य काउंटर पर की जाती है
पत्र में प्रताड़ना से राहत दिलाते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से राजकीय लिपिक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है । लिपिक अनुश्री के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करने पर सभी ऑपरेटर्स ने स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री को भी इसकी लिखित शिकायत करने की बात कही ।
इनका कहना है……
बर्थडे की खबर और राजकीय सेवाकर्मी लिपिक श्रीमती अनुश्री बाकलीवाल पर अवैध रूप से वीडियो बना कर वायरल करवाने का आरोप लगाया गया है, पूरे प्रकरण की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है रिपोर्ट आने पर एक्शन लिया जाएगा ।
डॉ. अरुण गौड़
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक
महात्मा गांधी अस्पताल, भीलवाड़ा


