जन्माष्टमी पर नन्हे-मुन्नों ने बिखेरे रंग, विचित्र वेशभूषा में दिखी प्रतिभा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जन्माष्टमी के अवसर पर बाल मन्दिर नर्सरी एवं बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एलकेजी से कक्षा प्रथम तक के विद्यार्थियों के लिए विचित्र वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन से हुआ। प्राचार्या श्रीमती अजयरानी माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।

प्रतियोगिता में नन्हे विद्यार्थियों ने पर्यावरण, देवी-देवता, पशु-पक्षी, कम्युनिटी हेल्पर, स्वतंत्रता सेनानी, फल एवं सब्जियों सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

निर्णायक मंडल में डॉ. दीपाली लाल, ऋतु जाजू एवं दीक्षा शामिल रहीं। प्रतियोगिता में कक्षा प्रेप की युवाना भाटी ने प्रथम, यूकेजी की वैदर्शी ने द्वितीय तथा यूकेजी की ऋत्वी भाटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रिशा, पूर्विका, वेदही, नव्या देवड़ा, जियान्सी, क्रिस्टी भाटी, लक्षिता चौहान, अवनी शर्मा, दित्या भाटी तथा कक्षा प्रथम की पूर्विका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।