गोवंश का रेस्क्यू करने पहुंचे पदम जोशी सांड के हमले में हुए घायल; सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने अस्पताल पहुंचकर जानी कुशलक्षेम

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। दूसरों की मुसीबत में बिना अपनी जान की परवाह किए मदद के लिए दौड़ने वाले गोवंश का रेस्क्यू करने पहुंचे नगर परिषद पार्षद पदम जोशी रविवार शाम को खुद सांड के हमले का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर पदम जोशी एक गोवंश का रेस्क्यू करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान गोवंश ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।उनके घायल होने का समाचार मिलने पर नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और कुशलक्षेम जानी। सभापति ने बताया कि पदम जोशी को राजकीय चिकित्सालय से रिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सक महेंद्र मीणा ने अपनी देखरेख में तत्काल सीटी स्कैन करवाकर उचित उपचार शुरू करवाया। उन्होंने पदम जोशी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान वार्ड नंबर 49 के पार्षद विजय गुप्ता, गिर्राज खेड़ापति एवं भूर सिंह मीणा ठेकेदार भी मौजूद रहे।सभापति ने बताया कि नगर परिषद की टीम ने संबंधित गोवंश का रेस्क्यू कर लिया है। उन्होंने कहा कि शहर में आवारा गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से बातचीत कर आगामी दो माह के भीतर सभी आवारा गोवंश को गौशालाओं में भिजवाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और शहर में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हो।