गुना हत्याकांड को लेकर लोधा महासभा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गुना हत्याकांड को लेकर लोधा महासभा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गोविंद सिंह लोधा की हत्या और रवि लोधा के गंभीर घायल होने पर आक्रोश; सख्त कार्रवाई, मुआवजा, सरकारी नौकरी और घायल के बेहतर इलाज की मांग

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। मध्यप्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र में लोधा समाज के युवकों पर हुए जानलेवा हमले में एक युवक की हत्या और दूसरे के गंभीर घायल होने की घटना को लेकर अखिल भारतीय लोधा महासभा राजस्थान ने आक्रोश जताया। प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रकाश लोधा के नेतृत्व में समाजजनों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी नौकरी देने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।

प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रकाश लोधा ने बताया कि बमोरी क्षेत्र में पिछले एक वर्ष के दौरान लोधा समाजजनों के साथ इस प्रकार की पांच से अधिक घटनाएं होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को हुई घटना में गोविंद सिंह लोधा की हत्या कर दी गई, जबकि रवि लोधा गंभीर रूप से घायल हो गए। समाजजनों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समाज में आक्रोश है।

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही आरोपियों एवं उनके परिवार से जुड़े कथित अवैध कब्जों अथवा अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच और मौका मुआयना कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।

प्रमुख मांगें

  • घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई।
  • पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी।
  • घायल रवि लोधा का निःशुल्क एवं बेहतर उपचार।
  • कथित अवैध कब्जों एवं निर्माण की निष्पक्ष जांच।
  • ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी अंकुश।

पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

लोधा महासभा ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके साथ ही घायल रवि लोधा का निःशुल्क एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई।

समाजजनों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद

ज्ञापन देने के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिव लोधा, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रकाश लोधा, सोहन लोधा, युवा जिला अध्यक्ष राजकुमार लोधा, पटेल भगवान लोधा लुक्ष्मीपुरा, जगदीश लोधा, श्याम लोधा, रामगोपाल लोधा धनेत, ईश्वर लोधा बिलिया, हरीश लोधा घोसुंडा, राजू लोधा मानपुरा, नारू लोधा, मिठू लोधा, देवीलाल लोधा, कालू लोधा एवं फूलचंद लोधा लालजी खेड़ा सहित समाजजन उपस्थित रहे।