विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने का किया आह्वान
बूंदी- स्मार्ट हलचल।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को देर रात ग्राम पंचायत कोडीजा में आयोजित रात्रि चौपाल एवं ग्राम संपर्क संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं और विकास संबंधी सुझाव सुने। देर रात तक चले संवाद में उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव के लोग आपसी सहमति से विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करें, ताकि उसी के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर क्षेत्र का समग्र विकास किया जा सके।
बिरला ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना, हर खेत को सिंचाई का लाभ दिलाना तथा सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को मजबूत बनाना निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, जिला महामंत्री योगेंद्र श्रृंगी, मायजा सरपंच महेंद्र सिंह, कोडीजा सरपंच महावीर मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।