जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्म कल्याण महोत्सव पर बूंदी में विशाल शोभायात्रा निकाली गई

स्मार्ट हलचल|बूंदी जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव पर सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ बूंदी में विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसके जरिए भगवान महावीर का अहिंसा का संदेश फैलाया गया. जैन धर्म ने युद्ध से जूझ रहे ईरान एवं अमेरिका से संयम बरतने की अपील की तो भगवान महावीर का जियो और जीने दो का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया.

भगवान महावीर के जयघोषों से गूंजायमान बूंदी में महावीर जयंती पर सकल जैन समाज ने प्रभात फेरी एवं अहिंसा वाहन रैली निकाली. प्रभात फेरी से कार्यक्रम शुरू हुए. समाज जन हाथों में धर्मध्वज और भगवान महावीर के जयघोष करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे. अहिंसा परमो धर्मः और महावीर स्वामी की जय के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा. प्रभात फेरी चौगान गेट स्थित दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई. यहां सामूहिक रूप से भगवान के दर्शन किए. मंदिर परिसर में सकल जैन समाज अध्यक्ष महावीर धनोपया ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इसके बाद समाज के पदाधिकारियों ने भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मंगलाचरण किया. इसके बाद भव्य अहिंसा वाहन रैली निकाली. रैली ने पूरे शहर का ध्यान खींचा. रैली को सरावगी समाज के पूर्व अध्यक्ष कैलाशचंद पाटनी ने हरी झंडी दिखाई. रैली चौगान गेट से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः चौगान जैन मंदिर पहुंची. मार्ग में जगह-जगह समाजजनों एवं नागरिकों ने पुष्प वर्षा की. रैली में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए।

मुनि प्रज्ञान सागर महाराज संघ के सान्निध्य में मुख्य प्रवचन हुए. मुनि ने भगवान महावीर के जीवन दर्शन, उनके तप, त्याग और अहिंसा के सिद्धांतों का जिक्र किया. सरावगी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बाकलीवाल, मंत्री योगेंद्र जैन, सकल जैन समाज संरक्षक ओमप्रकाश बड़जात्या, संजय श्रीमाल, मंत्री आदित्य भंडारी, महिला मंडल अध्यक्ष चंद्रेश छाबड़ा आदि मौजूद थे.