Lotus blooms in Jahazpur; Independents also score a victory
जहाजपुर में खिला कमल, 15 सीटों पर भाजपा का कब्जा; कांग्रेस 3 पर सिमटी, 7 निर्दलीयों ने भी मारी बाजी
जहाजपुर अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद जहाजपुर की सियासत में भाजपा ने दमदार बढ़त बनाते हुए 15 वार्डों में जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस को महज 3 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि 7 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत का परचम लहराया।चुनाव परिणामों ने नगर पालिका में भाजपा की मजबूत स्थिति साफ कर दी है। कुल 25 वार्डों के नतीजों में भाजपा ने बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से काफी आगे निकलते हुए 15 पार्षदों के साथ स्पष्ट बढ़त हासिल की है। कांग्रेस के खाते में 3 सीटें आईं, जबकि 7 निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरणों को भी दिलचस्प बना दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर है। भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण बोर्ड बनाने की राह आसान नजर आ रही है, लेकिन निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी आगे के राजनीतिक घटनाक्रम में महत्वपूर्ण रह सकती है।
जहाजपुर के चुनाव परिणामों ने जहां भाजपा खेमे में उत्साह बढ़ा दिया है, वहीं कांग्रेस के लिए यह परिणाम आत्ममंथन का संकेत माना जा रहा है। दूसरी ओर, निर्दलीयों की सात सीटों ने यह भी साबित किया है कि स्थानीय स्तर पर मतदाताओं ने कई वार्डों में दलों से अलग हटकर भी उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है।
अब निगाहें नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव पर टिकी हैं—देखना होगा कि 15 सीटों के दम पर भाजपा किस चेहरे को अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचाती है।