मैडम रील बनाने में व्यस्त:परीक्षा परिणाम गिरा,कई छात्र फेल,अभिभावकों में आक्रोश

मंगरोप@मुकेश खटीक।आमली गढ़ पाछली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एक गंभीर विवाद के चलते सुर्खियों में आ गया है। यहां 9वीं कक्षा में 57 छात्रों का नामांकन है जिसमें से 28 छात्र फेल हुए है जिनमें अधिकांश छात्र गणित विषय में फेल किए गए है जिससे अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।मामले ने तूल पकड़ लिया है और ग्रामीणों के साथ-साथ अभिभावक भी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।अभिभावकों का आरोप है कि यह कार्रवाई शैक्षणिक आधार पर नहीं,बल्कि व्यक्तिगत नाराजगी के चलते की गई है।उनका कहना है कि विद्यालय में कार्यरत गणित शिक्षिका राखी गुप्ता स्कूल समय के दौरान छात्राओं के साथ फिल्मी गानों पर इंस्टाग्राम रील्स बनाने में व्यस्त रहती हैं,जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।जब कुछ छात्रों और अभिभावकों ने इस पर आपत्ति जताई और उन्हें ऐसा करने से रोका,तो यह बात शिक्षिका को नागवार गुजरी।अभिभावकों का आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते शिक्षिका ने अपने विषय में 9वीं कक्षा के कई छात्रों को फेल कर दिया।उनका कहना है कि विरोध करने वाले छात्रों को निशाना बनाया गया।जिससे बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों और अभिभावकों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वरलाल जीनगर ने बताया कि शिक्षिका द्वारा स्कूल में इंस्टाग्राम रील बनाने और छात्रों को फेल करने की जानकारी मिली है।उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी और यदि शिक्षिका दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी साथ ही,फेल किए गए छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं की अन्य शिक्षकों से पुनः जांच (री-चेकिंग) भी करवाई जाएगी।ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आ सके।
वहीं,विद्यालय की प्रधानाचार्या उमा डोलियां ने इस मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उनके संज्ञान में स्कूल में रील बनाने जैसी कोई बात नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसी कोई गतिविधि सामने आती है तो उसकी जांच करवाई जाएगी।
फिलहाल,यह मामला शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।अभिभावकों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों के परिणामों की निष्पक्ष पुनः जांच की मांग की है।ताकि बच्चों के साथ न्याय हो सके और उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।