(बिन्टू कुमार)
नारायणपुर | स्मार्ट हलचल/कस्बे के राजपुरा मोहल्ले में स्थित माधवानंद आश्रम में 17 मई से आरंभ होने वाले 21 कुण्डीय रुद्र महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में गुरुवार को यज्ञध्वज स्थापना का आयोजन विधि-विधान से किया गया। यज्ञाचार्य वेदप्रकाश शर्मा के सानिध्य में साधु-संतों की उपस्थिति में भूमि पूजन कर ध्वज को स्थापित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से भाग लिया। यज्ञाचार्य वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि यज्ञध्वज स्थापना यज्ञ की सफलता, पवित्रता और शुभता का प्रतीक मानी जाती है। यह अनुष्ठान देवताओं को आमंत्रित करने और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यज्ञध्वज स्थापना से यज्ञ स्थल की शुद्धता बनी रहती है और इसमें सम्मिलित होने वाले भक्तों को आध्यात्मिक लाभ मिलता है। माधवानंद आश्रम में 17 मई से प्रारंभ होने वाले इस भव्य 21 कुण्डीय रुद्र महायज्ञ में हवन, प्रवचन, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से बड़े पैमाने पर भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है। यज्ञध्वज स्थापना के साथ ही महायज्ञ की तैयारियों ने गति पकड़ ली है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना हुआ है। ध्वज स्थापना समारोह में मंदिर साध्वी विदुषी सरस्वती, महामंडलेश्वर जनार्दन दास महाराज, भीमदास महाराज, प्रहलाद दास, रामानंद, रामरतन दास, श्योराम दास महाराज, विवेकनाथ महाराज, तुलसीदास महाराज, सुरेन्द्र शर्मा, रोहिताश सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।