मोड़ का निंबाहेड़ा @ मेघवंशी समाज द्वारा आयोजित “महामेघ धर्म जागरण यात्रा” का शुभारंभ 31 मार्च मंगलवार को प्रातः 9 बजे भीलवाड़ा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा रामदेव मंदिर, झरना महादेव से किया जाएगा। पांच दिवसीय यह यात्रा 3 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जिलों से होकर गुजरते हुए राजसमंद जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जरगा जी (जुना स्थान) पर संपन्न होगी।
आयोजन समिति के अनुसार यात्रा मेवाड़, मगरा, बोराट और मारवाड़ क्षेत्र के गांवों एवं धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए सामाजिक जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। यात्रा के दौरान संतों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
समाज जागरूकता और एकता रहेगा मुख्य उद्देश्य
यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना, आपसी एकता को मजबूत करना, शिक्षा के महत्व को स्थापित करना तथा पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है। इसके साथ ही सामाजिक समरसता, श्रम-सम्मान और समानता का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।
25 स्थानों और 11 प्रमुख धुणियों से गुजरेगी यात्रा ।
यात्रा मंगलवार को झरना महादेव से प्रारंभ होकर भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली एवं उदयपुर जिलों के लगभग 25 स्थानों तथा 11 प्रमुख धुणियों से होकर गुजरेगी। विभिन्न पड़ावों पर स्वागत समारोह, संवाद कार्यक्रम, भजन-सत्संग एवं भोजन प्रसाद की व्यवस्थाएं की जाएंगी।
2 अप्रैल को पलासमा में विशाल भक्ति संध्या
2 अप्रैल 2026 को यात्रा उदयपुर जिले के पलासमा स्थित श्री जरगा जी नए स्थान पर पहुंचेगी, जहां विशाल भक्ति संध्या (जागरण) का आयोजन होगा। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपाणिया भजनों की प्रस्तुति देंगे।
3 अप्रैल को होगा समापन समारोह
यात्रा का समापन 3 अप्रैल 2026 को जरगा जी के जुना स्थान पर आयोजित समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। आयोजकों ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं शांति बनाए रखते हुए बिना ध्वनि प्रदूषण के आयोजन संपन्न किए जाएंगे।
आमजन से जुड़ने की अपील
आयोजन समिति ने समाज के सभी बंधुओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा से जुड़ने, 2 अप्रैल को पलासमा में आयोजित भजन संध्या तथा 3 अप्रैल के समापन समारोह में सहभागिता निभाकर इस सामाजिक-आध्यात्मिक अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
— महामेघ धर्म जागरण यात्रा आयोजन समिति
बाबा रामदेव सेवा समिति, आम चौखला, मेघवंशी समाज, झरना महादेव द्वारा किया जा रहा है।
