काछोला मे महेश नवमी महोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, वरिष्ठजनों व प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान

काछोला में माहेश्वरी समाज का तहसील स्तरीय सम्मेलन संपन्न, ऊंट-घोड़े रहे आकर्षण का केंद्र

काछोला 23 जून,।स्मार्ट हलचल।माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में मंगलवार को काछोला में तहसील स्तरीय महेश नवमी महोत्सव हर्षोल्लास एवं धार्मिक वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश मुंदड़ा सहित तहसील एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान श्री महेश के जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए। शोभायात्रा में सजे-धजे ऊंट, घोड़े, रथ एवं पालकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मांडलगढ़, कोटड़ी, जहाजपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान महेश के जयकारों से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर निकली।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत माहेश्वरी समाज काछोला के नगर अध्यक्ष सूरतराम गगराणी एवं काछोला समिति द्वारा मेवाड़ी परंपरा के अनुसार किया गया। मुख्य समारोह में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद सांवरिया रिसोर्ट में सामाजिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं वक्ताओं ने सामाजिक एकता, संस्कार और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सामाजिक गतिविधियों के साथ महेश नवमी महोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में तहसील मंत्री ओमप्रकाश लढ़ा सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भगवानलाल काबरा ने किया।