Homeभीलवाड़ाकनेछनकलां गांव में महिला की संदिग्ध हालात में अपने ही घर में...

कनेछनकलां गांव में महिला की संदिग्ध हालात में अपने ही घर में मौत, गहने लूटकर हत्या का आरोप

एफएसएल टीम पहुंची मौके पर, वारदात के जल्द खुलासे की मांग को लेकर ग्रामीण अस्पताल में हुए एकत्रित

परिजनों ने गहने लूटकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है

शाहपुरा@(किशन वैष्णव)फूलिया कलां थाना क्षेत्र के कनेछनकलां गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने गहने लूटकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रार्थी रामकुवार पिता मोहनलाल बैरवा (उम्र 24 वर्ष), निवासी कनेछनकलां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है। शनिवार 31 जनवरी को गांव में सामाजिक कार्यक्रम रात्रि जागरण का आयोजन था, जिसमें उसकी माता बसंती देवी बैरवा शामिल होने गई थीं। रात्रि में वे घर लौट आई थीं। बसंती देवी घर पर अकेली निवास करती थीं।
रविवार 1 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे प्रार्थी के चाचा कमलेश का फोन आया, जिन्होंने बताया कि घर पर ताला लगा हुआ है और बसंती देवी का मोबाइल भी बंद आ रहा है। इसके बाद प्रार्थी ने भी फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उसने चाचा से आसपास पता करने को कहा और स्वयं भी गांव आने की बात कही।
इसी दौरान शाम करीब 5 बजे भीलवाड़ा में रहने वाली मृतका की सास गांव पहुंची। घर पर ताला लगा हुआ था। चाबी तलाशने पर नहीं मिली, बाद में पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर चाबी लेकर ताला खोला गया। सास घर के अंदर पहुंची और छत पर चली गई। कुछ समय बाद जब वह राशन कार्ड ढूंढने के लिए नीचे आई तो उसकी नजर कमरे पर पड़ी। कमरे में दरवाजा नहीं होने से अंदर झांकने पर बसंती देवी सोई हुई अवस्था में दिखाई दीं। पास जाकर कम्बल हटाया तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और पड़ोसियों को बुलाया।
मौके पर पहुंची महिलाओं व ग्रामीणों ने देखा कि बसंती देवी के शरीर पर चोट के निशान थे तथा उनके पहने हुए सभी आभूषण मौके से गायब थे। मृतका ने घटना वाले दिन गले में रामनामी सोने की दो नग, हाथों में चांदी की दो चूड़ियां, लगभग एक किलो चांदी की कंकती, एक छोटा सोने का मादलिया तथा कानों में सोने की बालियां पहनी हुई थीं, जो मौके पर नहीं मिलीं।
सूचना मिलने पर फूलिया कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या व लूट का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आसपास मौजूद संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए भीलवाड़ा से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की गहन जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मामले को लेकर कुछ समय के लिए गांव में गहमा-गहमी का माहौल बन गया। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाए जाने के बाद पूर्व सरपंच एवं एडवोकेट सीताराम खटीक ने ग्रामीणों के साथ मिलकर वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की। इस पर थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने निष्पक्ष जांच कर जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
प्रार्थी ने अपनी माता बसंती देवी बैरवा की हत्या कर आभूषण लूटने के आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20260202 WA0072

wp-17693929885043633154854019175650
RELATED ARTICLES