पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । जिले के ड्रोइंग एसोसिएशन एवं समस्त लेबर वर्ग ने सैकड़ों की तादाद में इकट्ठे होकर पुलिस अधीक्षक को एक गंभीर मामले में ज्ञापन सौंपते हुए पन्नालाल चौधरी नामक व्यक्ति पर संगीन आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि पन्नालाल चौधरी, निवासी पटेल नगर, भीलवाड़ा ने एक अवैध आपराधिक गिरोह बना रखा है, जो रीको औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय है। लेबर संगठनों का कहना है कि यह गिरोह माधव सूटिंग फैक्ट्री के पास रिको क्षेत्र में डेरा जमाए रहता है और वहां काम करने वाले मजदूरों को डराता-धमकाता है। आरोप है कि गिरोह मजदूरों को फैक्ट्री में काम करने से जबरन रोकता है और अगर कोई मजदूर उनकी बात नहीं मानता तो उसे जान से मारने, हाथ-पैर तोड़ने व झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है। ज्ञापन में बताया कि यह गिरोह न केवल मजदूरों को प्रताड़ित करता है, बल्कि ठेकेदारों को भी डराकर उन्हें फैक्ट्रियों में ठेका छोड़ने के लिए मजबूर करता है और अपने नजदीकी लोगों को ठेका दिलवाता है। बताया गया है कि पन्नालाल चौधरी स्वयं एवं उसके रिश्तेदार मिलाकर करीब 70 से अधिक ठेके रीको क्षेत्र में नियंत्रित कर रहे हैं। ड्रोइंग और पिनिंग जैसे तकनीकी कार्यों में लगे मजदूरों का आरोप है कि इस गिरोह के इशारे पर उनके गुंडों द्वारा उनके हाथों की अंगुलियां तक तुड़वाई जाती हैं ताकि वे मशीनों पर काम न कर सकें। इस तरह की आपराधिक गतिविधियों से करीब 500 से 700 मजदूर प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें राजस्थान के अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से आए श्रमिक भी शामिल हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस गिरोह द्वारा पूर्व में भी एक मजदूर कमल गुर्जर के साथ गंभीर मारपीट कर उसे घायल किया गया था। आरोप है कि पहले उसे बोलेरो गाड़ी से टक्कर मारी गई, फिर हाथ-पैर बुरी तरह से तोड़ दिए गए। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे, लेकिन इसके बावजूद मुख्य आरोपी पन्नालाल चौधरी पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और वह पुलिस को मैनेज कर मामले से बच निकला। लेबर संघों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पन्नालाल चौधरी एवं उसके गिरोह के सदस्यों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और मजदूर वर्ग को राहत प्रदान की जाए। उनका कहना है कि यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और श्रमिकों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने आश्वाशन दिया कि वे खुद इस मामले की मॉनिटरिंग करेंगे और जो दोषी होगा उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी ।


