मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के बिलिया कलां गांव के पास स्थित संगम इंडिया लिमिटेड की डेनिम यूनिट में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत श्रमिक विनोद गुर्जर(20)पुत्र छोटूलाल गुर्जर,निवासी बिलिया कलां की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई।काम करते समय उन्हें उल्टियां होने लगीं और हालत गंभीर हो गई।इसकी सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया,जहां उपचार के दौरान रविवार देर रात विनोद की मृत्यु हो गई।घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक के परिवारजनों व ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।ग्रामीणों का कहना था कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था,उसकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है।इसी को लेकर ग्रामीणों ने मांग की कि संगम ग्रुप की ओर से मृतक के परिजन को नौकरी दी जाए अथवा स्थायी रूप से मासिक वेतन सहायता प्रदान की जाए।मांगों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण,युवा व बुजुर्ग एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन किया गया।स्थिति को देखते हुए हमीरगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश कर दोनों पक्षों के बीच वार्ता करवाई।पुलिस की मध्यस्थता और प्रशासनिक प्रयासों के बाद कंपनी प्रबंधन व ग्रामीणों के बीच सहमति बनी।समझौते के तहत यह तय हुआ कि मृतक के परिवार को 12 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी,साथ ही परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी भी दी जाएगी।समझौता तय होने के बाद धरना समाप्त किया।

