खाद्य सुरक्षा विभाग की गंगापुर सिटी में बड़ी कार्रवाई, 147 किलोग्राम अधिक कलर युक्त इमरती, जलेबी, मोतीचूर के लड्डू व फ्रेंच फ्राइज मौके पर करवाए नष्ट

मिर्जापुर-गंगापुर सिटी पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम, दीपावली पर 6 नमूने लिए

गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान जयपुर तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिले में ”शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के तहत सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम मिर्जापुर, गंगापुर सिटी पहुंची। टीम ने दुकानों पर बिक रही अधिक रंगयुक्त मिठाइयों की जांच की। इस दौरान अधिक रंग वाली इमरती, जलेबी एवं मोतीचूर के लड्डू कुल 147 किलोग्राम मौके पर ही नष्ट करवाए गए। इसके साथ ही ठेलों पर खुले में बिक रहे रंगयुक्त फ्रेंच फ्राइज भी नष्ट करवाए गए।

जांच के दौरान कई स्थानों पर जलेबी, कचौरी एवं अन्य खाद्य सामग्री अखबार पर रखकर बेची जाती मिली। टीम ने हलवाइयों एवं दुकानदारों को अखबार पर खाद्य सामग्री नहीं रखने के लिए पाबंद किया तथा अखबार की स्याही से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान की जानकारी दी। साथ ही मिठाइयों में अधिक रंग का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।

छह खाद्य नमूने लिए

कार्रवाई के दौरान श्री बाबा मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सैनी मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, गोविंद प्रसाद सैनी से मावा बर्फी, पूजा चाट भंडार से खीरमोहन, राकेश कुमार मुकेश कुमार से पोहा तथा मोनू चाट भंडार से इस्तेमाल किए गए रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई एवं अन्य कमियां मिलने पर तीन खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुधार नोटिस भी जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉकों में मिठाइयों की सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा की टीम द्वारा की गई।