जैतारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रात के अंधेरे में अवैध बजरी खनन पर दबिश, जेसीबी और ट्रक जब्त

अनिल कुमार

एक आरोपी गिरफ्तार, अंधेरे का फायदा उठाकर तीन-चार माफिया फरार; बजरी के अवैध स्टॉक पर मारा छापा

जैतारण (ब्यावर) स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर, रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार और अजमेर रेंज आईजी राजेन्द्र सिंह (IPS) के आदेशों की पालना में जैतारण पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रामावास कलां की सरहद में देर रात दबिश देकर अवैध बजरी से भरा एक ट्रक और एक जेसीबी मशीन जब्त की है।

*मुखबिर की सूचना पर रात 1:30 बजे दी दबिश*

थानाधिकारी धोलाराम के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि रामावास कलां में सरकारी स्कूल के पीछे खाली जमीन पर बजरी का अवैध स्टॉक किया गया है, जहाँ से मनीष बावरी नामक व्यक्ति जेसीबी मशीन से ट्रक में बजरी भरवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रात करीब 01:30 बजे मौके पर छापेमारी की।

*झाड़ियों में छिपाए थे वाहन, एक आरोपी दबोचा*
पुलिस को देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। अंधेरे का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी मनीष बावरी सहित तीन-चार अन्य लोग झाड़ियों और रास्तों का सहारा लेकर भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी सांवर लाल उर्फ श्रवण (20 वर्ष) निवासी कुशालपुरा को दबोच लिया। मौके से ट्रक (नंबर RJ 37 GA 3003) और एक बिना नंबर की जेसीबी (चेचिस नंबर RAJ3DXINP03280320) को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त किया गया।
*इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला*
पुलिस ने इस मामले में प्रकरण संख्या 118/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और MMDR एक्ट की धारा 4/21 के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

*कार्यवाही करने वाली टीम:*
इस सफल कार्यवाही में अनिल पंवार (RPS प्रोबेशनर), उप-निरीक्षक रामकिशन, कांस्टेबल बुधाराम, दुर्गाराम और अजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।