पंडेर (भीलवाड़ा) | स्मार्ट हलचल |भीलवाड़ा जिले की पंडेर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक (IPS) धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्करगढ़ थाने में 25 मार्च 2026 को दर्ज प्रकरण (संख्या 41/2026) में 19.900 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा पकड़ा गया था। उस समय मौके से आरोपी राजेंद्र वैष्णव और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया था। इस मामले की अग्रिम जांच पंडेर थानाधिकारी (उप निरीक्षक) कमलेश को सौंपी गई थी।
थानाधिकारी कमलेश ने पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की। अनुसंधान में सामने आया कि आरोपियों ने यह अवैध डोडा चूरा शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के दलपुरा निवासी भुवाना गुर्जर से खरीदा था और इसे मोहनपुरा निवासी देवा लाल मीणा को सप्लाई करने जा रहे थे।
ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
नामजद होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू की। 5 अप्रैल 2026 को पुलिस ने दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया। विस्तृत पूछताछ में जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 के तहत दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।
- भुवाना (36 वर्ष) पुत्र मांगीलाल गुर्जर, निवासी दलपुरा, थाना शक्करगढ़
- देवा लाल (48 वर्ष) पुत्र सुखा मीणा, निवासी मोहनपुरा, थाना शक्करगढ़
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) राजेश कुमार आर्य और जहाजपुर वृताधिकारी रेवड़मल मौर्य के सुपरविजन में गठित टीम का नेतृत्व पंडेर थानाधिकारी कमलेश (उ.नि.) ने किया। टीम में कांस्टेबल अर्जुन, संजय, प्रवीण और मुकेश का विशेष योगदान रहा।
