सुनेल में प्रशासन का बड़ा एक्शन- डबल मर्डर आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों के आलीशान अवैध निर्माणों पर गरजा बुलडोजर, करोड़ों की सरकारी जमीन मुक्त

धनराज भंडारी

सुनेल 9 अप्रैल ।स्मार्ट हलचल|झालावाड़ जिले के सुनेल कस्बे में शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। डबल मर्डर केस के आरोपियों और हिस्ट्रीशीटर बदमाशों द्वारा किए गए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर करोड़ों रुपए मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
सुबह बुलडोजर गरजे , इलाके में मचा हड़कंप-
शनिवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और सार्वजनिक निर्माण विभाग की टीम भारी मशीनरी के साथ सुनेल-झालरापाटन मुख्य मार्ग स्थित जेवीवीएनएल कार्यालय के पास पहुंची। टीम ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की। कुछ ही देर में बुलडोजर गरजे और देखते ही देखते तीन मंजिला आलीशान करोड़ों की लागत से बने मकान, दुकानें को मलबे में तब्दील हो गए। कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
इन बदमाशों के कब्जों पर चला बुलडोजर-
प्रशासन की कार्रवाई हार्डकोर अपराधी भेरू उर्फ भेरूलाल गुर्जर, उसके भाई बल्लू उर्फ रामलाल गुर्जर और हिस्ट्रीशीटर राजू उर्फ़ राजाराम गुर्जर के कब्जों पर की गई।
पुलिस के अनुसार इन लोगों ने आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन के जरिए सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रखे थे। लंबे समय से इन कब्जों की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं।
पुलिस छावनी में बदला इलाका-
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। मौके पर वृत्ताधिकारी मनोहरथाना अशोक कुमार, सुनेल थाना प्रभारी विष्णु सिंह, रायपुर थाना प्रभारी रमेश सिंह, पिडावा थाना प्रभारी रामपाल सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता नवीन मीणा, कनिष्ठ अभियंता संजय मीणा, सुनेल तहसीलदार अजहर बेग तथा ग्राम विकास अधिकारी सुरेश जैन भी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहे। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
अपराध से अर्जित संपत्तियों पर प्रशासन की नजर-
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिलेभर में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि भेरू उर्फ भेरूलाल गुर्जर के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित 18 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं बल्लू उर्फ रामलाल गुर्जर पर डबल मर्डर सहित कई संगीन अपराध दर्ज बताए गए हैं। हिस्ट्रीशीटर राजू उर्फ राजाराम के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध हथियार और आबकारी एक्ट सहित करीब 10 मामले दर्ज हैं।
अपराधियों को सख्त संदेश-
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि भविष्य में भी अपराध से अर्जित संपत्तियों और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।