1869 लीटर घी सीज, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

मुरलीपुरा के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई, मिलावट की आशंका में घी के नमूने जांच के लिए भेजे

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर -स्मार्ट हलचल|मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई की है। जयपुर प्रथम क्षेत्र के मुरलीपुरा स्थित आरपी एजेंसीज प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 1869 लीटर घी सीज किया।यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी तथा जयपुर प्रथम के अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जयपुर प्रथम की टीम द्वारा की गई।कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से प्रभास ब्रांड घी का नमूना लिया गया। घी की गुणवत्ता में मिलावट की आशंका को देखते हुए मौके पर उपलब्ध 1869 लीटर घी को सीज कर दिया गया। विभाग के अनुसार इस घी का निर्माण टीसीआई एग्रो फूड प्रोडक्ट्स, सोनीपत, हरियाणा द्वारा किया जाता है।

इसके साथ ही प्रतिष्ठान से गोवर्धन काऊ घी के भी नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।