बड़ी कार्यवाही: ब्यावर पुलिस और DST की संयुक्त रेड, कार से 45 किलो डोडा चूरा जब्त

अनिल कुमार

 

*तस्करी का फिल्मी अंदाज: पुलिस को देख जंगल में कार छोड़ भागे तस्कर, झाड़ियों में ओझल हुए आरोपी* ।

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। अजमेर रेंज आईजी राजेंद्र सिंह और ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद, जवाजा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए 45.420 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। तस्कर पुलिस को देख कार छोड़कर जंगल की झाड़ियों में भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

*नाकाबंदी देख जंगल में घुसाई कार*
घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:20 बजे की है। DST टीम प्रभारी विजय सिंह और जवाजा थाने की टीम दूदपुरा-सूरजपुरा रोड पर गश्त और अपराध नियंत्रण हेतु तैनात थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार (RJ 06 CD 5661) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को वर्दी में देखकर चालक घबरा गया और कार को तेज गति से दौड़ाते हुए सूरजपुरा के पास जंगल की ओर ले गया।

*बरामदगी और फर्जी नंबर प्लेट*
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी कार को जंगल में ही छोड़कर घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के कट्टे और कपड़े के बोरे मिले, जिनमें अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था। जाँच में कार के भीतर दो अतिरिक्त नंबर प्लेट (RJ 19 CE 4292) भी मिलीं, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि तस्करी के दौरान पहचान छुपाने के लिए फर्जी नंबरों का उपयोग किया जाता था।

*कानूनी कार्यवाही*
पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर थाना जवाजा पर प्रकरण संख्या 93/2026, धारा 8/15 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

*टीम का विशेष योगदान*
इस कार्यवाही में जवाजा उप निरीक्षक दीपाराम, DST प्रभारी विजय सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल मांगीलाल, सुरेंद्र सिंह, दिनेश चंद, भवानी सिंह, जितेंद्र, मनोहर लाल और चालक भवानी सिंह की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।