टोंक पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फैसला-48 हेड कांस्टेबल अब एएसआई पदोन्नति चयन सूची में शामिल-वर्षों से लंबित प्रक्रिया को मिली गति

विभागीय चयन बोर्ड की समीक्षा के बाद एसपी ने जारी किए आदेश-न्यायालय की याचिका में कार्मिकों को मिला न्याय-2 कार्मिकों को तत्काल पदोन्नति-शेष 46 को पीसीसी के बाद मिलेगा पदोन्नति का लाभ

शिवराज बारवाल मीना
टोंक । स्मार्ट हलचल।जिला टोंक पुलिस में वर्ष 2012-13 से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हेड कांस्टेबलों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीना (आईपीएस) द्वारा मंगलवार, 23 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार विभागीय चयन बोर्ड की समीक्षा के बाद कुल 48 हेड कांस्टेबल / कांस्टेबलों को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद हेतु चयन सूची में शामिल किया गया है।
यह आदेश राजस्थान सरकार के वरिष्ठ शासन सचिव, पुलिस गृह (ग्रुप-1), पुलिस महानिदेशक राजस्थान एवं भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड (पुलिस) के निर्देशों की पालना में जारी किया गया है। चयन सूची में वर्ष 2012-13 से लेकर 2022-23 तक की रिक्तियों को सम्मिलित किया गया है।
*दो कार्मिकों को तत्काल पदोन्नति-शेष 46 को पीसीसी के बाद लाभ*
आदेश के अनुसार सीताराम गुर्जर, हेड कांस्टेबल (139) को वर्ष 2012-13 की वरिष्ठता से रिक्ति में पदोन्नति का लाभ दिया गया है। साथ ही अचल सिंह सांसी, हेड कांस्टेबल (99) को वर्ष 2018-19 में पीसीसी (पदोन्नति संवर्ग पाठ्यक्रम) उत्तीर्ण होने के कारण पदोन्नत नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। शेष 46 चयनित कार्मिकों को पीसीसी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद एएसआई पद पर पदोन्नति प्रदान की जाएगी।
*चयन प्रक्रिया व कानूनी स्थिति*
चयन प्रक्रिया विभागीय परीक्षा एवं वरिष्ठता के आधार पर की गई है। सामान्य, एससी एवं एसटी वर्ग के कार्मिकों को नियमानुसार लाभ प्रदान किया गया है। हालांकि, यह चयन सूची माननीय न्यायालयों में लंबित याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
*टोंक पुलिस महकमे में उत्साह*
इस आदेश के बाद टोंक जिला पुलिस विभाग में खुशी और उत्साह का माहौल है। लंबे समय से संतान संबंधी प्रकरणों एवं अन्य कारणों से पदोन्नति से वंचित रहे कार्मिकों को इससे बड़ा मनोबल मिला है। पुलिस कार्मिकों ने इसे न्यायोचित और राहत देने वाला निर्णय बताया है।