एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल|नागौर शहर की पुलिस लाइन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक साथ 8 सरकारी क्वार्टरों में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोर बंद पड़े क्वार्टरों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और करीब 7 लाख रुपये की ज्वेलरी तथा लगभग 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले ऐसे क्वार्टरों की रेकी की, जिनमें ताले लगे हुए थे। इसके बाद उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। अलमारियों और संदूकों को खंगालकर कीमती जेवरात और नकदी समेट ली।घटना का खुलासा तब हुआ जब संबंधित पुलिसकर्मी ड्यूटी से लौटे और अपने घरों के ताले टूटे हुए देख हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत संबंधित थाने में सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने पुलिस लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक साथ कई क्वार्टरों में चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

