भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|नगरीय निकाय चुनावों को लेकर अवैध मादक पदार्थों एवं आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए भीलवाड़ा पुलिस ने सोमवार को एक दिवसीय विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने जिलेभर में 142 स्थानों पर दबिश देकर कुल 72 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के लिए 30 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें 127 पुलिस अधिकारी-
कर्मचारी शामिल रहे। टीमों ने चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश देकर स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधियों, गिरफ्तारी वारंटियों तथा अन्य वांछित आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के 4 प्रकरण दर्ज किए गए तथा करीब 2000 लीटर वॉश नष्ट की गई।
पुलिस ने स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी, गिरफ्तारी वारंट एवं धारा 299 दण्ड प्रक्रिया संहिता/335 बीएनएसएस से संबंधित कार्रवाई में 48 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। वहीं एचएस, हार्डकोर एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
लूट-डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित एक आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। इसके अलावा असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 एवं 129 बीएनएसएस के तहत 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के 2 प्रकरण दर्ज कर दो अवैध धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के निर्देशन में वृत्ताधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर थाना स्तर पर टास्क तय किए गए थे। दबिश के लिए विशेष टीमें और रूट पहले से तैयार किए गए थे, जिसके बाद अभियान को एक साथ अंजाम दिया गया।
चुनाव से पहले पुलिस का सख्त संदेश—अपराधियों की खैर नहीं:-
नगरीय निकाय चुनावों के मद्देनजर पुलिस की यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम मानी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
