पुनित चपलोत
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा के कीरखेड़ा में हुई क्रॉस फायरिंग के मामले में सुभाष नगर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हथियार बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सुभाष नगर थानाधिकारी कैलाश चंद्र विश्नोई ने बताया कि 11 सितंबर को सांगानेर कस्बे के कीरखेड़ा में कीर समाज के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस फायरिंग की गई। मामले में लखन कीर, सोहन कीर और गोपाल कीर को गिरफ्तार किया गया है।
थानाधिकारी के अनुसार, तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। आरोपी लखन कीर घटना के दौरान घायल हो गया था और अस्पताल में भर्ती हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद वह अस्पताल से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि लखन कीर फायरिंग के दौरान देसी कट्टे से गोली चला रहा था। इसी दौरान हथियार हाथ में फटने से उसके हाथ में चोट लगी, जिसे पुलिस ने सेल्फ-इंजर्ड बताया है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।